मध्य प्रदेशराज्य
26 वर्षों से न्याय की आस: भूमि विवाद से त्रस्त महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास

मंडला ,यशभारत l प्रशासनिक उपेक्षा और न्याय में हो रही देरी से क्षुब्ध होकर विगत दिनों जनसुनवाई में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान श्रीमती वर्मा ने अपने ऊपर डीजल उड़ेलकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले 26 वर्षों से अपनी जमीन के न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं। लगातार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार मिल रही उपेक्षा से तंग आकर उन्हें यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
त्वरित कार्रवाई से बची जान
घटना के वक्त जनसुनवाई में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को समय रहते रोक लिया। पीड़िता के अनुसार, लंबे समय से लंबित भूमि विवाद के कारण उनका मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है।
सार्वजनिक मंच पर हुई इस घटना ने स्थानीय राजस्व और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।







