भोपाल

मालवा एक्सप्रेस में बिगड़ी युवक की तबीयत, यात्रियों ने दिखाई इंसानियत

मालवा एक्सप्रेस में बिगड़ी युवक की तबीयत, यात्रियों ने दिखाई इंसानियत
– निशातपुरा के पास आधे घंटे रुकी ट्रेन, मां-बहन के साथ सफर कर रहे 24 वर्षीय युवक को उल्टियां और चक्कर आने पर अस्पताल पहुंचाया
भोपाल, यश भारत। मालवा एक्सप्रेस में सफर कर रहे 24 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। सीहोर से दिल्ली जा रहे गौरव को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं। चक्कर इतने ज्यादा थे कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। हालत देखकर साथ सफर कर रही उसकी मां और बहन परेशान हो गईं। परिजनों ने ट्रेन की चेन खींचकर मदद की गुहार लगाई।
घटना की जानकारी मिलने पर ट्रेन के स्टाफ ने एस-6 कोच में जाकर युवक की स्थिति देखी। निशातपुरा के पास ट्रेन रोकी गई और गार्ड पीके सिंह ने परिजनों से बात कर युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की।
यात्रियों ने संभाला मोर्चा
युवक को ट्रेन से उतारना परिवार के लिए आसान नहीं था। मां और बहन अकेले उसे सड़क तक ले जाने की स्थिति में नहीं थीं। ऐसे में कोच में मौजूद चार-पांच यात्री मदद के लिए आगे आए। उन्होंने युवक को उठाकर ट्रेन से नीचे उतारा और वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद ऑटो से उसे अस्पताल भेजा गया।
मरीज को सुरक्षित बाहर निकालने और अस्पताल रवाना करने में करीब 30 मिनट लगे। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे स्टाफ और यात्रियों की तत्परता से युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
सीहोर से लौट रहा था परिवार
गौरव का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में रहता है। परिवार सीहोर में धार्मिक कार्यक्रम के लिए आया था। लौटते समय ट्रेन में गौरव की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों के अनुसार उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मुश्किल घड़ी में रेलवे स्टाफ के साथ यात्रियों के सहयोग से परिजनों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने मदद करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button