रेलवे स्टेशन के पास बंधी हालत में मिली नाबालिग : पुलिस ने शुरू की गहन जांच

सतना यश भारत । जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कैमा रेलवे स्टेशन के समीप एक नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली। उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए, जबकि कपड़े भी अस्त-व्यस्त और फटे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय सरपंच मनोज कुमार ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की सहायता से किशोरी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान तथा कोलगवां थाना प्रभारी संदीप सोनी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोरी मानसिक रूप से बेहद डरी हुई है और फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके।
इधर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए घटनास्थल और उसके आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाना शुरू कर दिया है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोरी वहां कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ।
प्रारंभिक जांच में किशोरी का संबंध मैहर जिले से होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद मैहर पुलिस से भी संपर्क स्थापित कर उसकी पहचान और पारिवारिक जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। किशोरी के बयान और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







