जलप्रलय की आहट: सतना-चित्रकूट में सड़कें बनीं दरिया, 7 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

सतना| मौसम के परिवर्तन के चलते भारी बारिश से जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है। सतना और चित्रकूट में लगातार बारिश हो रही हैं। जिसकी चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शहर की सड़कों से लेकर थाने और पेट्रोल पंप तक पानी भर गया है।

बताया जा रहा है कि नागौद में थाने और सिंहपुर चौराहे के बागरी पेट्रोल पंप में पानी घुस गया है। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाला रास्ता कमर तक पानी भरने से बंद हो गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी सड़कों तक पहुंच गया है, जबकि सती अनसुईया में पानी रेलिंग तक पहुंच गया है और सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है।
दो भैंसों की मौत
उधर, सतना के कोठी में मकान गिरने से 4 भैंस दब गईं, जिनमें 2 की मौत हो गई। छतरपुर में बानसुजारा बांध के 8 गेट खोले गए हैं और धसान नदी में 792 घन मीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जाएगा। इससे नदी का जलस्तर 7 से 9 फीट तक बढ़ने की संभावना है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले 4 दिन तक बारिश का दौर रहेगा। शनिवार को 7 जिले- रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट बताया जा रहा है। भोपाल में रिमझिम बारिश होगी। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बरसात के कम आसार हैं।
वहीं, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।







