आज मिलाद-उन-नबी पर भी खुले रहेंगे डाकघर : ‘राखी मेल’ की होगी विशेष बुकिंग

मंडला, यशभारत । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दूर-दराज बैठे भाई-बहनों के बीच प्यार की डोर समय पर पहुँच सके, इसके लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है। आज 26 अगस्त 2026 को मिलाद-उन-नबी का सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद आम जनता की सुविधा के लिए डाकघरों में राखी मेल की बुकिंग सेवा सुचारू रूप से जारी रहेगी।
डाक विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत त्यौहार के मद्देनजर राखी लिफाफों और पार्सल की त्वरित डिलीवरी एवं बुकिंग के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आमतौर पर शासकीय अवकाश के दिन डाकघर की बुकिंग सेवाएं स्थगित रहती हैं, लेकिन रक्षाबंधन पर नागरिकों की सहूलियत को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने यह फैसला लिया है।
अधीक्षक डाकघर, मंडला संभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश परिमंडल, भोपाल से प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में 26 अगस्त को भी सभी प्रमुख व निकटतम डाकघरों में राखी मेल बुक कराने की खिड़की खुली रहेगी।







