एमपी नगर में खड़े लोडिंग ऑटो से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो गंभीर

एमपी नगर में खड़े लोडिंग ऑटो से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो गंभीर
भोपाल,यशभारत। शहर की व्यस्त सड़कों के किनारे बिना किसी इंडिकेटर या सुरक्षा मानकों के खड़े होने वाले भारी और लोडिंग वाहन वाहन चालकों के लिए काल साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक वाकया रविवार शाम एमपी नगर थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां सुभाष फाटक के पास सड़क किनारे खड़े एक ऑटो लोडिंग वाहन में तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय युवक रघुराज ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंधेरा होते ही बढ़ जाता है हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार देर शाम सुभाष फाटक के पास एस.के. फर्नीचर के सामने यह दुर्घटना हुई। चश्मदीदों का कहना है कि शाम के वक्त विजिबिलिटी कम होने और बाइक की गति तेज होने के कारण चालक सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन को समय रहते देख नहीं पाया और यह भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजीव नगर निवासी रघुराज को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है।
नो-पार्किंग और सड़कों पर कब्जे से राहगीर परेशान
इस हादसे ने एक बार फिर कमर्शियल इलाकों और मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले लोडिंग वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुभाष फाटक और एमपी नगर के आसपास कई व्यावसायिक वाहनों को सड़कों के किनारे ही पार्क कर दिया जाता है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता।
पुलिस खंगाल रही है लापरवाही के पहलू
एमपी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटनाग्रस्त लोडिंग वाहन नियमों के विरुद्ध सड़क पर खड़ा था और क्या उसमें कोई रिफ्लेक्टर या पार्किंग लाइट ऑन थी। विवेचक ने बताया कि बाइक की रफ्तार की भी जांच की जा रही है। घायलों के बयान और घटनास्थल के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







