मध्य प्रदेशराज्य

विद्यालय के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने जीते 10 पदक : 37वीं क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल, 3 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक किए हासिल

मंडला। भाटापारा, छत्तीसगढ़ में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में महाकौशल प्रांत के सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडला के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडला जिले का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्यालय मंडला के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं भार वर्गों में हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक और खेल भावना का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी।

अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन

अंडर-14 बालिका वर्ग के 26-29 किलोग्राम भार वर्ग में वन्या सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में 29-32 किलोग्राम भार वर्ग में अभी साहू तथा 38-41 किलोग्राम भार वर्ग में शिवम प्रजापति ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन खिलाड़ियों ने अपने मुकाबलों में आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

अंडर-17 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अंडर-17 बालिका वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 35-38 किलोग्राम भार वर्ग में तोषी मिश्रा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं 44-46 किलोग्राम भार वर्ग में तनवी गौतम, 46-49 किलोग्राम भार वर्ग में शालिनी मरावी तथा 38-42 किलोग्राम भार वर्ग में यशोदा बैरागी ने रजत पदक हासिल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। 41-45 किलोग्राम भार वर्ग में राकेश पंद्रे ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं 35-38 किलोग्राम भार वर्ग में आयुष पटेल ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।

अंडर-19 बालक वर्ग में 41-45 किलोग्राम भार वर्ग में पुनीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में कुल 10 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उनकी नियमित मेहनत, अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का विद्यालय परिवार एवं खेल प्रेमियों द्वारा उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और मंडला जिले का नाम रोशन करेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button