बरगी बांध में बढ़ा जलस्तर, 413.75 मीटर तक पहुंचा, नर्मदा के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश से बढ़ा जल प्रवाह; किसानों को सिंचाई के लिए नहरों से मिल रहा पानी

जबलपुर,यश भारत ।नर्मदा नदी के कैचमेंट एरिया (जल ग्रहण क्षेत्र) में बीते कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण नर्मदा नदी और बरगी बांध में जल का प्रवाह तेजी से बढ़ रहा है। जल आवक बढ़ने से बरगी बांध का जल स्तर अब 413.75 मीटर तक पहुंच गया है। कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश और बांध में पानी की स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बरगी बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बांध के वर्तमान जल स्तर की समीक्षा की और अधिकारियों से जल भराव की अद्यतन स्थिति जानी।
दाईं तट नहर से छोड़ा जा रहा 15 क्यूमेक पानी
बांध में पानी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों और खेतों में सिंचाई के लिए दाईं तट नहर के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में नहर में 15 क्यूमेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, दाईं तट नहर में शुरुआत से लेकर 6.94 किलोमीटर तक पानी का बहाव पूरी तरह सुचारू है और कहीं भी कोई अवरोध नहीं है। इस पानी का सीधा लाभ जबलपुर, पनागर और सिहोरा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगा।







