एक्टिवा से अवैध शराब की तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार, 54 लीटर देशी मदिरा जब्त

एक्टिवा से अवैध शराब की तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार, 54 लीटर देशी मदिरा जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस और ईदगाह हिल्स चौकी टीम ने एक शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 54 लीटर अवैध देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटर जब्त की है।
ईदगाह हिल्स चौकी प्रभारी उनि. सूरज अतुलकर ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी योगेश यादव उम्र 38 साल निवासी निशातपुरा भोपाल को धर दबोचा।
जिसकी तलाशी लेने पर आरोपी की एक्टिवा की डिग्गी और एक काले रंग के बैग से 200 क्वार्टर देशी प्लेन एवं 100 क्वार्टर देशी मसाला शराब कुल 54 लीटर, अनुमानित कीमत ₹37 हजार बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी आईसीजेएस के जरिए जुटाई जा रही है।







