पुलिस ने 6 चोरी-नकबजनी की वारदातों का किया खुलासा : 6 आरोपी गिरफ्तार; 25 लाख के जेवर और दो वाहन बरामद

सिवनी यश भारत:-सिवनी शहर में पिछले कई महीनों से हुई चोरी और नकबजनी की छह अलग-अलग वारदातों का पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने शुक्रवार शाम खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश अज्जू उर्फ अजय कोष्ठा भी शामिल है, जिसके विरुद्ध पहले से चोरी, नकबजनी सहित 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार भैरोगंज, गुरुनानक वार्ड, सूफीनगर, नया मोहल्ला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और भैरोगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिरों की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 में भैरोगंज क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी के जेवर गिरवी रखकर आईआईएफएल बैंक से गोल्ड लोन लिया गया था। पुलिस ने बैंक की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवर बरामद कर लिए हैं। इस मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी की रकम से खरीदी गई कार की भी तलाश की जा रही है।
तीन अन्य मामलों में हिस्ट्रीशीटर अज्जू कोष्ठा और उसके रिश्तेदार राजकुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से विभिन्न प्रकरणों के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। वहीं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में जबलपुर निवासी महेंद्र उर्फ पिल्लई और सूरज डमार को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में आभूषण, नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई। हाल ही में भैरोगंज में हुई चोरी के मामले में अतिन हेडाउ को गिरफ्तार कर मोबाइल, पावर बैंक, चार्जर, नकदी और एक स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर शेष चोरी के माल की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।







