स्कूल से घर लौट रहे नदी में बहे तीन मासूम, दर्दनाक हादसे में मौत
बिलासपुर,यशभारत

बिलासपुर। यशभारत। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को दर्दनाक हादसे में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चों की घोंघा नदी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बालक शामिल हैं। तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए उन्हें घोंघा नदी पार करनी थी। बताया गया कि नदी में पानी कम दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस और प्रशासन की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। कई घंटे तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने गांव सहित पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने नदी पार करने वाले रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।







