दतिया अपडेट : टिकट कटने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में गुस्सा, नाराज कार्यकर्ताओं ने किया हाइवे जाम, टिकट बदलने की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों सहित पार्षदों ने भी दिए इस्तीफे

दतिया,यशभारत। विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में भारी नाराजगी सामने आई है। नाराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया है और टिकट बदलने की मांग कर रहे है। विरोध स्वरूप दतिया के भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया हैं। जिलाध्यक्ष के साथ अन्य पदाधिकारियों ने भी इस्तीफे दे दिए है। दतिया के पार्षदों ने भी अपने पद छोड़ दिए है। दतिया में पूरी पार्टी ही नरोत्तम के समर्थन में उतर आई है। नाराजगी का कारण भाजपा आलाकमान ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न देकर आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट कटने से आक्रोशित समर्थक और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और डॉ. मिश्रा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है। उधर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस खेमे में भी टिकट और दावेदारों को लेकर गहमागहमी चल रही है।








