सीएसपी कार्यालय से 100 मीटर दूर मेडिकल स्टोर में चोरी, शटर तोड़कर हज़ारों की चोरी, देखे वीडियो ….
सीसीटीवी में कैद हुए चोर

जबलपुर,यशभारत। अधारताल थाना क्षेत्र के महाराजपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सीएसपी कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित बालाजी जन आरोग्यम मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। चोर दुकान का शटर तोड़कर चेकबुक, पर्स और करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक सुहागी निवासी प्रिंस पटेल पिछले करीब एक वर्ष से मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहे हैं। रविवार तड़के करीब चार बजे चोरों ने दुकान का शटर तोड़ा और अंदर दाखिल होकर सामान खंगाला। इसके बाद नकदी सहित अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में चोर बेखौफ होकर दुकान में चोरी करते नजर आ रहे हैं।
सुबह जब दुकान संचालक प्रिंस पटेल दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल अधारताल थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकानदार के मुताबिक क्षेत्र में इससे पहले भी इसी तरीके से एक मेडिकल स्टोर और किराना दुकान में चोरी की वारदात हो चुकी है। इन मामलों में भी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार हो रही चोरियों को लेकर स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।







