जबलपुरमध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में वॉर्मर में लगी आग, तीन नवजात झुलसे; जबलपुर में एक की मौत

हीटिंग यूनिट में स्पार्किंग के बाद लगी आग

छिंदवाड़ा,यशभारत। जिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हो गया। नवजात बच्चों को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही वॉर्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। हादसे के समय मशीन में तीन नवजात मौजूद थे, जो आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और तीनों बच्चों को तत्काल जबलपुर रेफर किया गया। जबलपुर में उपचार के दौरान तीन में से एक नवजात की मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृत नवजात के माता-पिता के नाम आदित्य और शिवानी वर्मा बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश और माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है।

हीटिंग यूनिट में स्पार्किंग के बाद लगी आग

जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे के अनुसार नवजात बच्चों के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने और उनकी निगरानी के लिए वॉर्मर मशीन का इस्तेमाल किया जाता है। रात में वॉर्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से मशीन में रखे तीनों बच्चे झुलस गए। घटना के तुरंत बाद डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने बच्चों को वॉर्मर से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण तीनों नवजातों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बच्चों के साथ दो डॉक्टरों को भी भेजा गया था।

पीडियाट्रिक सर्जन नहीं होने से जबलपुर भेजा

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक तीनों बच्चों में से एक की हालत बेहद गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक नवजात की मौत हो गई। हादसे की प्रारंभिक वजह तकनीकी खराबी और हीटिंग फिलामेंट में हुई स्पार्किंग बताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और वॉर्मर मशीन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button