सरकारी नौकरी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, 29 लाख ठगने वाला शिक्षक विदिशा से गिरफ्तार
कलेक्ट्रेट में नौकरी का दिया झांसा

जबलपुर,यशभारत। नेताओं और अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा कर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देने वाले विदिशा के एक शासकीय शिक्षक को घमापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से करीब 29 लाख रुपए हड़प लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी गिरजेश सिंह राजपूत को विदिशा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर ठगी की रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार सिद्धबाबा निवासी 24 वर्षीय अभिनव सेन बीएड का छात्र है और राखी बंसल के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। इसी दौरान राखी ने उसे बताया कि टेट परीक्षा के प्रदर्शन के दौरान भोपाल में उसकी मुलाकात विदिशा के सुमेरदांगी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक गिरजेश सिंह राजपूत से हुई थी। गिरजेश ने नेताओं और अधिकारियों से अपनी पहचान होने तथा कई लोगों की सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया था।
कलेक्ट्रेट में नौकरी का दिया झांसा
राखी से नंबर मिलने के बाद अभिनव ने गिरजेश से संपर्क किया। आरोपी ने उसे बताया कि जबलपुर कलेक्ट्रेट में ग्रेड-वन पद पर भर्ती निकली है और वह अधिकारियों से संपर्क कर उसका चयन करवा देगा। इसके बदले उसने रकम की मांग की। उसकी बातों में आकर अभिनव ने उसे 3 लाख 52 हजार रुपए दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो अभिनव ने रकम वापस मांगी। आरोपी पहले उसे टालता रहा और बाद में मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
अन्य लोगों से भी ऐंठे लाखों रुपए
अभिनव ने जब मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि गिरजेश ने अस्मिता बंसल, मोहनीश बंसल, रजनीश बंसल सहित अन्य लोगों को भी सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा अलग-अलग लोगों से करीब 29 लाख रुपए लेने की जानकारी सामने आई है। घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को विदिशा से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में ठगी की रकम और अन्य पीड़ितों के संबंध में जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस अब आरोपी से रकम की रिकवरी के साथ मामले की विस्तृत जांच कर रही है।








