सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के देवरी अंतर्गत महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक दुकानदार की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव उसकी दुकान के सामने लगे टीन शेड में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने क्षेत्र के ही एक व्यक्ति पर मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार पुराना थाना क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय बृजेश विश्वकर्मा (पिता मुन्नालाल विश्वकर्मा) नेशनल हाईवे-44 के समीप वेल्डिंग की दुकान चलाता था। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात को दुकान के पास अंडा-मुर्गा बेचने वाले रामबाबू रैकवार से बृजेश का किसी बात पर विवाद हुआ था। मृतक के भाई संतोष विश्वकर्मा का कहना है कि रामबाबू और उसके साथियों ने बृजेश के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत करने वे थाने भी गए थे, लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की।
सुबह दुकान पर मिला शव
परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद बृजेश काफी सदमे में था और उसने रात का खाना भी नहीं खाया था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे वह घर से दुकान के लिए निकला, जिसके कुछ देर बाद उसका शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। मृतक की पत्नी अंजना ने आरोप लगाया है कि रामबाबू रैकवार ने ही उसके पति के साथ अनहोनी की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजपुर थाना प्रभारी (TI) अजय भदोरिया ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रामबाबू और बृजेश के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस का यह भी कहना है कि उनके बीच राजीनामा हो गया था। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
Back to top button