
जबलपुर,यश भारत । हनुमानताल पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। आरोपियों के पास से एक आईफोन, पांच मोबाइल फोन, चोरी के दो ई-रिक्शा, एक एक्सिस वाहन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ कंजा (25), निवासी टेढ़ीनीम हनुमानताल और अविनाश चौधरी (22), निवासी सिंधी कैंप हनुमानताल के रूप में हुई है। पुलिस को 19 अगस्त को सूचना मिली थी कि दोनों मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के पास संदिग्ध हालत में खड़े हैं। सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।

तलाशी में समीर के पास आईफोन सहित दो मोबाइल और अविनाश के पास तीन मोबाइल मिले। पूछताछ में दोनों ने घमापुर, कृषि उपज मंडी, ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र में झपटमारी व वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर दो ई-रिक्शा भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी समीर के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और चोरी सहित 14 अपराध पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






