मध्य प्रदेशराज्य

सेल्फी बनी जानलेवा : वॉटरफॉल में बहा युवक, एसडीआरएफ टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

रीवा ।जिले के इतमा वॉटरफॉल में सेल्फी लेना एक 21 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। युवक सेल्फी लेने के दौरान फिसलकर गहरे पानी में गिर गया और तेज बहाव में लापता हो गया। एसडीआरएफ की टीम उसका सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है।

 

 

जानकारी के अनुसार, सोनू खान (21 वर्ष) पिता बनने खान, निवासी बरगढ़ (उत्तर प्रदेश), अपने परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए इतमा वॉटरफॉल आया था। सेल्फी लेने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह वॉटरफॉल के नीचे गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पटेहरा पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई महेंद्र बागरी ने एसडीआरएफ को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक विकाश पांडे अपनी टीम के साथ सोमवार सुबह करीब 6 बजे मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया।

एसडीआरएफ के प्रभारी विकाश पांडे ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील्स और वीडियो देखकर वॉटरफॉल में जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

गौरतलब है कि इतमा वॉटरफॉल में पिछले एक महीने के भीतर यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे यहां सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button