मिर्जापुर’ फेम अभिनेता का आरोप: डायरेक्टर ने बनाया बंधक, मेहनताना रोका : रोते हुए वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार, सुरक्षित मुंबई लौटे

मैहर यश भारत । वेब सीरीज Mirzapur और फिल्म लेडीज से पहचान बनाने वाले अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने एक फिल्म निर्देशक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेता का कहना है कि मैहर में फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें बंधक बनाकर रखा गया, तय मेहनताना नहीं दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई। वीडियो में वह रोते हुए अपनी आपबीती बताते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद अभिनेता सुरक्षित मैहर से निकलकर मुंबई लौट गए।
सत्येंद्र सोनी के अनुसार, वह फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मैहर आए थे। शूटिंग पूरी होने के बाद जब उन्होंने अपने मेहनताने की मांग की तो भुगतान करने से इनकार कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और वहां से जाने नहीं दिया गया।
घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। फिलहाल अभिनेता सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, निर्देशक की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







