ग्लोबल कॉलेज में इंटरनेशनल फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आगाज़
20 राज्यों से आए 410 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं

जबलपुर,यशभारत। बड़ेरिया ग्लोबल कॉलेज में शनिवार को दो दिवसीय इंटरनेशनल फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। फाउंडेशन चेस एकेडमी, जबलपुर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों से आए 410 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें 230 इंटरनेशनल रेटेड खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा और प्रतिस्पर्धात्मक बन गया है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़ेरिया ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सौरभ बड़ेरिया, डायरेक्टर डॉ. राजीव खत्री, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निहारिका यादव, रजिस्ट्रार डॉ. पूर्णानंद दुबे, स्पोर्ट्स ऑफिसर भगवान सिंह एवं ममता पांडे की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे जबलपुर के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक उत्कर्ष अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन प्रतियोगिता के पांच राउंड सफलतापूर्वक संपन्न हुए, जिनमें खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के शेष चार निर्णायक राउंड रविवार को खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेताओं की घोषणा कर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी खेल क्षमता और अनुभव में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।





