नाली विवाद से खूनी बवाल: थाना प्रभारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, खाकी को ललकारने की दुस्साहसिक वारदात

सीधी, यश भारत । मध्य प्रदेश के सीधी जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कमर्जी थाना क्षेत्र में एक मामूली नाली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि सड़क पर चक्काजाम कर रहे लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। हालात उस समय बेकाबू हो गए जब समझाइश देने पहुँचे थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से जानलेवा वार कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमर्जी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाली निर्माण और पानी निकासी को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर आवागमन ठप कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मार्ग खुलवाने का प्रयास करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और करीब आधा दर्जन लोगों ने पुलिस दल को घेर लिया। इससे पहले कि पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर पाती, हमलावरों ने थाना प्रभारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से थाना प्रभारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा।
घायल अधिकारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह घटना केवल एक पुलिस अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और शासन की प्रतिष्ठा पर सीधा हमला है। जिस पुलिस पर समाज की सुरक्षा और कानून लागू कराने की जिम्मेदारी होती है, यदि उसी पुलिस पर भीड़ खुलेआम कुल्हाड़ी से हमला करने लगे तो यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
एक मामूली नाली विवाद को लेकर पहले सड़क जाम करना और फिर पुलिस की समझाइश का जवाब हिंसा से देना इस बात का संकेत है कि कुछ असामाजिक तत्वों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। यदि अपराधियों में कानून और खाकी का डर नहीं रहेगा तो समाज में अराजकता और हिंसा का माहौल बढ़ना तय है।
जनता का भरोसा और कानून का खौफ दोनों जरूरी
लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस और जनता एक-दूसरे की विरोधी नहीं बल्कि सहयोगी होती हैं। लेकिन जब विवादों का समाधान कानून और न्याय की प्रक्रिया के बजाय हिंसा और हथियारों से खोजा जाने लगे तो यह पूरे समाज के लिए खतरे की घंटी है।
सीधी की यह घटना प्रशासन, समाज और जनप्रतिनिधियों सभी के लिए गंभीर चिंतन का विषय है। आवश्यकता इस बात की है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई हो कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति वर्दीधारी अधिकारी पर हाथ उठाने की हिम्मत न कर सके। साथ ही आम जनता का न्याय व्यवस्था और प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत किया जाए, क्योंकि कानून का सम्मान और व्यवस्था में विश्वास ही किसी सभ्य समाज की सबसे बड़ी पहचान है।







