सीएमएचओ के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल ओपीडी से अनुपस्थित मिले विशेषज्ञ चिकित्सकों को नोटिस, बिना अनुमति वेतन रोकने के निर्देश
Health services exposed during CMHO's surprise inspection Specialist doctors found absent from OPD issued notices; instructions issued to withhold salaries without prior permission.

सीएमएचओ के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल
ओपीडी से अनुपस्थित मिले विशेषज्ञ चिकित्सकों को नोटिस, बिना अनुमति वेतन रोकने के निर्देश
भोपाल, यश भारत। राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने शुक्रवार को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर में दो विशेषज्ञ चिकित्सक ओपीडी से बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही बिना अनुमति उनका वेतन जारी नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुगलिया हाट और कुराना का भी दौरा किया। दोनों केंद्र बंद पाए जाने पर वहां पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को सात दिन के वेतन कटौती का नोटिस जारी किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रगति पटेल और निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. राहुल जैन कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित मिले। इस पर दोनों चिकित्सकों को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। सीएमएचओ ने ग्राम स्वास्थ्य पोषण एवं टीकाकरण दिवस के तहत आयोजित सत्रों का भी निरीक्षण किया और बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही टीकाकरण एवं पोषण सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित उपस्थिति और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






