बिना आंधी-बारिश अचानक गिरी पेड़ की भारी टहनी, 3 बाइक सवार घायल

बिना आंधी-बारिश अचानक गिरी पेड़ की भारी टहनी, 3 बाइक सवार घायल
भोपाल, यशभारत। पुराने शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र आजाद मार्केट में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे लगे मुनगे के पेड़ की एक विशाल टहनी अचानक टूटकर गिर गई। हादसे की चपेट में आने से वहां से गुजर रहे तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। यह पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दोपहर सवा तीन बजे हुआ हादसा
मौके पर मौजूद लोगो ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ। चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के वक्त न तो तेज हवा चल रही थी और न ही बारिश हो रही थी। पेड़ की टहनी अंदरूनी रूप से कमजोर होने के कारण अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी।
बाल-बाल बचे कई लोग, शाम को होता तो मचती तबाही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय यह टहनी गिरी, उससे महज कुछ सेकंड पहले ही वहां से कई राहगीर गुजरे थे। पास ही स्थित ड्राईफ्रूट्स की दुकान पर भी कुछ ग्राहक खरीदारी कर रहे थे। दोपहर का समय होने के कारण बाजार में आम दिनों के मुकाबले भीड़ कम थी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर यही हादसा शाम के पीक-अवर (व्यस्त समय) में होता, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
व्यापारियों में आक्रोश: जर्जर पेड़ और अतिक्रमण बढ़ा रहे खतरा
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। व्यापारी नेता विवेक साहू ने आरोप लगाया कि आजाद मार्केट में ऐसे कई पेड़ हैं जो पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और गिरने की कगार पर हैं, लेकिन बार-बार ध्यान आकर्षण कराने के बावजूद नगर निगम ने इनकी छंटाई नहीं की।
इसके साथ ही बाजार में सड़क के दोनों ओर फैला भारी अतिक्रमण भी बड़ी मुसीबत बना हुआ है। सड़क इतनी संकरी हो चुकी है कि पैदल चलने वालों के लिए 10 फीट की जगह भी नहीं बची है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति या हादसे के वक्त लोगों को भागने या संभलने का मौका तक नहीं मिलता। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द खतरनाक टहनियों को छांटने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।







