सिंहस्थ-2028: भोपाल पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण

सिंहस्थ-2028: भोपाल पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और अफवाह नियंत्रण पर रहेगा जोर
भोपाल, यशभारत। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक महापर्व सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस बल के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया प्रबंधन तथा अफवाह नियंत्रण रहा। इस सत्र में अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक पुलिसिंग और तकनीकी आयामों का विस्तृत व्यावहारिक ज्ञान दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने फेसबुक, एक्स , इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कार्यप्रणाली और समाज पर उनके प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि सिंहस्थ जैसे विशाल और संवेदनशील धार्मिक आयोजन में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए त्वरित, सटीक और प्रामाणिक सूचनाओं का प्रसारण बेहद जरूरी है। इसके साथ ही भ्रामक और अफवाहपूर्ण संदेशों पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण पाना पुलिस की प्राथमिकता होगी।
तथ्यों का सत्यापन और त्वरित खंडन अनिवार्य
विशेष सत्र में पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, फेक न्यूज की पहचान करने की तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाने और संकट की स्थिति में आधिकारिक सूचनाएं प्रसारित करने की रणनीतियों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में साफ तौर पर निर्देश दिए गए कि किसी भी अपुष्ट या संदिग्ध सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा न किया जाए। यदि कोई भ्रामक खबर फैलती है, तो विभाग द्वारा तत्काल उसका तथ्यात्मक खंडन जारी किया जाएगा ताकि आम जनता में पैनिक न फैले।
संवेदनशील और जनसेवामुखी छवि पर फोकस
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चौहान ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने में सोशल मीडिया एक महत्वपूर्ण हथियार साबित होगा। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की एक सकारात्मक, संवेदनशील और जनसेवामुखी छवि स्थापित करना है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा, ताकि आधुनिक तकनीकों और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से सिंहस्थ-2028 में उत्कृष्ट एवं आदर्श पुलिसिंग का प्रदर्शन किया जा सके।







