मध्य प्रदेश

140 बारातियों से भरा ट्रक पलटा, 10 लोगों की हालत गंभीर

खंडवा जिले के खालवा क्षेत्र में सड़क हादसा

खंडवा। जिले के खालवा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुरहानपुर जिले के ग्राम ढाबा से ग्राम चुनाखाल बारात लेकर जा रहा ट्रक आड़ा खेड़ा जंगल के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार 100 से अधिक बाराती घायल हो गए, जबकि 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ट्रक में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक, लगभग 140 लोग सवार थे। सुबह करीब 10:30 बजे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलने पर खालवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकांश घायलों को सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के मोड़ पर अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button