ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक की सड़क हादसे में मौत : आंधी- तूफान में सड़क पर गिरे पेड़ की डाल से टकराई बाइक

सतना यश भारत । चित्रकूट थाना में पदस्थ आरक्षक संदीप शुक्ला की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार आरक्षक संदीप शुक्ला की ड्यूटी पुरुषोत्तम मास के अवसर पर बिरसिंहपुर स्थित गैवीनाथ मंदिर में लगाई गई थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वे मंगलवार रात बाइक से धारकुंडी-मानिकपुर मार्ग होते हुए चित्रकूट लौट रहे थे। इसी दौरान रात लगभग 11 बजे मानिकपुर और कर्वी के बीच तेज आंधी-तूफान के कारण सड़क पर गिरी पेड़ की एक बड़ी डाल उनकी बाइक के सामने आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में आरक्षक संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पहचान होने पर चित्रकूट पुलिस एवं परिजनों को सूचना दी गई। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां वे कई दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर जीवन और मौत से संघर्ष करते रहे।
गुरुवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ एवं मिलनसार पुलिसकर्मी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
आरक्षक संदीप शुक्ला अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी और चार वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि उनके पिता भी पुलिस विभाग में कार्यरत थे। पिता के असामयिक निधन के बाद संदीप को अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में सेवा का अवसर मिला था। अब उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस विभाग ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन की विभिन्न सहायता योजनाओं के तहत आर्थिक मदद एवं अन्य आवश्यक सहयोग की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।







