कार बन गई आग का गोला : गाय को बचाने के प्रयास में विधायक की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त

सिवनी/धूमा यश भारत: सिवनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब लखनादौन विधायक योगेंद्र सिंह बाबा का वाहन अनियंत्रित होकर एक स्कूल की बाउंड्री से टकरा गया। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लग गई, हालांकि विधायक, उनके गनमैन और चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे विधायक योगेंद्र सिंह बाबा जबलपुर से घूरवाड़ा गांव की ओर जा रहे थे। उनके साथ गनमैन राजू धुर्वे और चालक अनु भी वाहन में मौजूद थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बंजारी ग्राम के समीप अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी। हादसे के तुरंत बाद वाहन के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। वाहन में सवार विधायक, गनमैन और चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में तीनों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर सहायता की और आग बुझाने के प्रयास किए।
घटना की सूचना मिलते ही धूमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाने की कार्रवाई की तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस की मदद से सुचारु कराया गया। राहत की बात यह रही कि वाहन में आग लगने के बावजूद कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।







