बंद मकान से एक ही परिवार के तीन शव बरामद

बंद मकान से एक ही परिवार के तीन शव बरामद
प्रयागराज, यश भारत उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बंद मकान से मिलने से सनसनी फैल गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 70 वर्षीय वीरेंद्र वैश्य, उनकी 65 वर्षीय पत्नी अनिता वैश्य और 45 वर्षीय बेटी मीनाक्षी वैश्य के रूप में हुई है। परिवार कई दिनों से लोगों की नजरों से ओझल था और मकान भी बंद पड़ा था। जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए। तीनों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के बाहर जमा हो गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के भीतर से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पड़ोसियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।







