मध्य प्रदेशराज्य

उज्जैन सिंहस्थ-2028 : तैयारियां शुरू, पुलिस का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ

 

दमोह lआगामी सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर दमोह जिले में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।

 

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण का प्रथम बैच 1 जून से 6 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। छह दिवसीय इस प्रशिक्षण में पुलिस बल को सिंहस्थ मेले जैसी विशाल धार्मिक एवं जनसमूह वाली व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।

 

 

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साइबर मॉनिटरिंग, तनाव प्रबंधन (सॉफ्ट स्किल), आपदा प्रबंधन तथा मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में सीपीआर (CPR) जैसी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

विशेष बात यह है कि प्रशिक्षण का संचालन उन जिला पुलिस अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने पूर्व में उज्जैन में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन जैसी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए पुलिस बल को पहले से तैयार करना है।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और वे बड़े धार्मिक आयोजनों में बेहतर समन्वय एवं दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button