सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमला, चोर-चोर के लगे नारे; सांसद बोले- ऐसे हमलों से नहीं डरेंगे
अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?

सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमला, चोर-चोर के लगे नारे; सांसद बोले- ऐसे हमलों से नहीं डरेंगे
अभिषेक बनर्जी पर कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे फेंके। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन पर लात-घूंसे चलाने की भी कोशिश की। इस दौरान भीड़ ने उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। यह पहली बार है जब एक ऐसे राजनेता के खिलाफ सार्वजनिक नाराजगी खुलकर सामने आई, जिन्हें एक महीने पहले तक पश्चिम बंगाल की सियासत की ताकत का केंद्र माना जा रहा था। बंगाल में सत्ता परिवर्तन से पहले तक अभिषेक बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिली हुई थी। बनर्जी जैसे ही अपनी गाड़ी से बाहर निकले, लोगों ने उनका स्वागत ‘चोर-चोर’ के नारों से उनका स्वागत किया। एक स्थानीय महिला ने कहा, वह यहां क्यों आए हैं? शायद पैसे लेने आए हैं। जब डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या हुई थी, तब वह पानीहाटी क्यों नहीं गए?
अभिषेक बनर्जी सुरक्षाकर्मियों के साथ कर्मकार परिवार के घर में दाखिल हुए। भीड़ के आक्रामक होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पुलिस का हेलमेट पहनाकर घर के अंदर पहुंचाया। इस दौरान उनकी शर्ट भी फट गई थी।
अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, यह सब भाजपा प्रायोजित है। देखिए इन्होंने क्या किया है। यही इनकी लोकतंत्र की मिसाल है। अभी एक महीना भी नहीं हुआ है और पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है।
अभिषेक बनर्जी ने मीडिया से कहा, वे मुझे मारना चाहते हैं। मैं यहां से नहीं जाऊंगा और न ही इस परिवार को छोड़ूंगा, जब तक प्रशासन कार्रवाई नहीं करता। आप देख सकते हैं कि यहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं है। पूरी घटना वीडियो में रिकॉर्ड हुई है। मैं इस मामले को राज्यपाल और हाईकोर्ट के संज्ञान में लाऊंगा। उन्होंने अपने साथ मौजूद लोगों को अधिकारियों को फोन करने, व्हाट्सएप संदेश भेजने और जवाब न मिलने पर उसके स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।







