कटनीमध्य प्रदेश
भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव, विभाग ने नागरिकों से की संयम की अपील
44–45 डिग्री तापमान और रिकॉर्ड बिजली मांग के बीच विद्युत तंत्र पर बढ़ा भार

भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव, विभाग ने नागरिकों से की संयम की अपील
44–45 डिग्री तापमान और रिकॉर्ड बिजली मांग के बीच विद्युत तंत्र पर बढ़ा भार
कटनी, यशभारत। 
इन दिनों पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान भी लगभग 33 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इसी कारण बिजली की मांग 6000 मेगावाट से अधिक पहुंच चुकी है, जिससे पूरे विद्युत तंत्र पर भारी दबाव देखा जा रहा है।गर्मी के इस प्रचंड दौर में ट्रांसफॉर्मर और बिजली लाइनों पर लगातार लोड बढ़ने से तकनीकी फॉल्ट और ओवरलोड की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। बिजली विभाग के अनुसार, मशीनों की एक निश्चित क्षमता होती है और अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हो रहे हैं।
इस स्थिति में विद्युत मंडल के अधीक्षण अभियंता (SE) डी एन चौकीकर और कार्यपालन अभियंता (DE) मुकेश महोबे ने नागरिकों से संयम और सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि फील्ड में तैनात कर्मचारी भीषण गर्मी में भी लगातार व्यवस्था सुधारने में जुटे हुए हैं, ऐसे में उनके प्रति सहयोग आवश्यक है।
कार्यपालन अभियंता मुकेश महोबे ने बताया कि गंभीर स्थिति को देखते हुए रात के समय 4 से 5 टीमें लगातार फॉल्ट सुधार और मेंटेनेंस कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शिवाजी नगर में 33/ 11 के वी नवीन उपकेन्द्र का भी स्वीकृत है जिसका निर्माण भी जल्द ही शुरू होने वाला है , जिससे पहरुआ मंडी से आने वाले 2 फीडर सिटी 5 एव सिटी 6 चार फीडर में परिवर्तित हो जाएंगे। इससे ओवर लोड के कारण जंपर कटने एवम अनावश्यक ट्रिपिंग से निजात मिल सकेगा इससे नई बस्ती चांडक दल आदर्श नगर कॉलोनी संत नगर शंभू टॉकीज शिवनगर शिवाजी नगर बालाजी नगर बस स्टैंड इत्यादि क्षेत्रों के लगभग 16000 उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सकेगा ।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक बिजली उपयोग से बचें, पीक आवर्स में भारी उपकरणों का उपयोग न करें और स्वीकृत लोड से अधिक उपकरण न चलाएं। साथ ही ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया है, जिससे भविष्य में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम किया जा सके।
बिजली विभाग ने भरोसा दिलाया है कि मंडल उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पूरी तरह तत्पर है और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







