गाडरवारा में पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज , NTPC के 2640 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट के लोकार्पण के साथ हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात संभव

गाडरवारा में पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज
NTPC के 2640 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट के लोकार्पण के साथ हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात संभव
भोपाल , यश भारत/गाडरवारा । नर्मदापुरम संभाग के गाडरवारा में आगामी 5 , 6 जून को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री यहां NTPC के 2640 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। यह परियोजना मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा थर्मल पावर प्लांट मानी जा रही है जिससे प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को बड़ा बल मिलेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर लगभग 2 लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल पंडाल तैयार किए जाने की संभावना है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर आसपास के जिलों में भी उत्साह देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े बड़े ऐलान भी किए जा सकते हैं। इससे क्षेत्र में औद्योगिक और ऊर्जा विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने इसे क्षेत्र का सौभाग्य बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन गाडरवारा और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। स्थानीय जनता भी इस मौके पर कई बड़ी मांगों को लेकर उम्मीद लगाए बैठी है। इनमें गाडरवारा को जिला बनाने की घोषणा, मेडिकल कॉलेज की सौगात नर्मदा नदी पर नए पुल की स्वीकृति और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गया है।






