मशहूर कव्वालों ने बांधा समां, सैयद बाबा रहमतुल्लाह अलेह की दरगाह में उर्स मुबारक, लंगर के साथ उर्स का समापन

कटनी, यशभारत। आस्ताना हज़रत शाहिद बहादुर खान सैयद बाबा रहमतुल्लाह अलेह दरगाह शरीफ, कटनी में आयोजित चार दिवसीय 85वें उर्स मुबारक का समापन रंग महफिल एवं लंगर भंडारे के साथ हुआ। उर्स के दौरान परचम कुशाई, गुस्ल शरीफ, मिलाद शरीफ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
23 मई को हिंदुस्तान के मशहूर कव्वाल जनाब असलम अकरम वारसी एवं साहब वारसी कव्वाल एंड पार्टी ने देशभक्ति एवं सूफियाना कलाम पेश कर समां बांध दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती प्रीति सूरी का उर्स कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि बाबा के आशीर्वाद एवं जनता के सहयोग से उन्हें नगर की प्रथम नागरिक बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस वार्ड से उनका विशेष लगाव रहा है तथा इतने बड़े आयोजन का होना नगर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विजय राघवगढ़ रियासत के सेनापति शाहिद बहादुर खान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों से लड़ते हुए शहादत दी थी और उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह उर्स हमारी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
उर्स मुबारक के अवसर पर खुरई से जमील बाबा भी पहुंचे और दरगाह में हाजिरी देकर सभी को दुआओं से नवाजा। वहीं जिला अल्पसंख्यक भाजपा अध्यक्ष जनाब नवाब खान की सुपुत्री सानिया अफरोज को कक्षा 10वीं में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर उर्स कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया। कमेटी ने समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय जनाब नवाब खान का भी सम्मान किया।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद शकील, सचिव मोहम्मद जावेद, जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष हाजी अब्दुल कादिर उर्फ मुन्ना भाई, जिला हज कमेटी अध्यक्ष गुलाम ख्वाजा नियाजी, आदिल अहमद सहित अन्य अतिथियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में हाजी बदरूद्दीन, हाजी ओवैस अहमद, हाजी याकूब, महफूज भाई, एमपीबी मोहम्मद सिकंदर बड़वारा, मोहम्मद सिराज तेली, सैयद नाजिम अली, काजी मोहम्मद सलीम, इमरान फरीदी, अहमद कुरैशी, आरिफ खान, सी.एल. पाण्डेय, गुलाम जफर, आफताब अली, अहसान नियाजी, पप्पू भाई, मोहम्मद इरफान, राजा भाई, मोहम्मद समीर, मोहम्मद शाहरुख, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद हसन, मोहम्मद रेहान, मोहम्मद जहीर, मोहम्मद कयूम, मोहम्मद लाइक कुरैशी सहित कमेटी के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
24 मई को कव्वाली एवं महफिल के बाद लंगर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसके साथ उर्स मुबारक का समापन हुआ। अंत में कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद शकील एवं सचिव मोहम्मद जावेद ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत मंडल एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।








