सीधी में दर्दनाक हादसा: भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत
गांव में पसरा मातम

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जमोड़ी थाना क्षेत्र के पड़खुरी काशिहवा गांव में एक घर में अचानक लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बच्चों की मां राशन लेने बाजार गई हुई थी और बच्चे घर के अंदर अकेले थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर उसकी चपेट में आ गया।
घर के भीतर फंसे बच्चों ने बचाव के लिए चीख-पुकार मचाई, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई भी अंदर नहीं जा सका। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कोतवाली, चुरहट और रामपुर नैकिन से दमकल वाहन बुलाए गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद घर के अंदर से तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।







