कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भोपाल, यशभारत। सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से ट्रेंड हो रहे एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक मूवमेंट का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर हो रही इस धोखाधड़ी को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम सेल ने एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
पुलिस के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी मूल रूप से एक वायरल व्यंग्यात्मक ऑनलाइन राजनीतिक मूवमेंट है, जो मई 2026 में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है। इसी लोकप्रियता का फायदा उठाते हुए ऑनलाइन साइबर ठगों ने एक नया पैंतरा आजमाया है। ठग लोगों को इस काल्पनिक पार्टी का सदस्य बनाने का झांसा दे रहे हैं। इसके लिए वे लोगों के मोबाइल पर संदिग्ध एपीके फाइल्स और अज्ञात लिंक्स भेजकर उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस द्वारा जारी मुख्य सावधानियाँ
साइबर क्राइम सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के डिजिटल झांसे में न आएं और किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। टेलीग्राम या एसएमएस के जरिए आने वाली किसी भी अज्ञात एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। वही ऐसी किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को अन्य लोगों को आगे फॉरवर्ड न करें। कोई भी ऐप केवल गूगल प्ले स्टोर या संबंधित आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें। यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप या एपीके फाइल इंस्टॉल हो जाती है, तो उसे तुरंत फोन से हटाएं और अपने सभी जरूरी पासवर्ड्स बदल लें।
ठगी का शिकार होने पर तुरंत करें यह काम
यदि कोई नागरिक इस साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो पुलिस ने बिना घबराए तुरंत कदम उठाने की सलाह दी है। पीड़ित सबसे पहले अपने बैंक को सूचित करें ताकि वित्तीय नुकसान को रोका जा सके। इसके बाद तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराएं।







