नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को रौंदा, कॉलेज जा रहे दो होनहार छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर के केंट थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 (फोरलेन) पर बुधवार की सुबह एक ऐसा दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने दो पिताओं के बुझते चिरागों और उजड़ती उम्मीदों की चीख से पूरे इलाके को सन्न कर दिया। ग्राम बरखेड़ा इलाके से अपनी बाइक पर सवार होकर सुनहरे भविष्य के सपने संजोए कॉलेज जा रहे दो होनहार छात्रों को एक मौत बनकर दौड़ रहे तेज रफ्तार कंटेनर (ट्रक) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण और भयावह थी कि दोनों छात्रों के शव नेशनल हाईवे की सड़क पर ही क्षत-विक्षत होकर बिखर गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पसरा मातम: बिखर गए किताबें और सपने

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान संजय रजक और नितिन अहिरवार (दोनों की उम्र लगभग २० वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों छात्र बीएससी और फार्मेसी के विद्यार्थी थे, जो रोजाना की तरह सुबह करीब १० बजे ग्राम बरखेड़ा से कॉलेज के लिए निकले थे।
रानीपुरा क्षेत्र के समीप जैसे ही उनकी बाइक पहुंची, पीछे से आ रहे अनियंत्रित कंटेनर के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही छात्र सड़क पर दूर जा गिरे।

आक्रोश का फूटा ज्वालामुखी:
इस रूह कंपा देने वाले हादसे की खबर जैसे ही बरखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में फैली, घटना स्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हृदयविदारक दृश्य को देखकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक हाईवे का यातायात पूरी तरह ठप रहा।
कंटेनर जब्त, चालक फरार; सुरक्षा पुख्ता करने की उठी मांग
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए केंट थाना टीआई रोहित डोंगरे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।
टीआई रोहित डोंगरे ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाकारित कंटेनर को तत्काल अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि घटना के बाद चालक मौके से गाड़ी छोड़कर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया है और मर्ग कायम कर फरार कंटेनर चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद जहां पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने एनएच-44 पर लगातार बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के ठोस व स्थाई इंतजाम करने की पुरजोर मांग उठाई है।







