उतरप्रदेशदेश

यूपी में भीषण गर्मी का कहर: 48.2°C के साथ बांदा एशिया में सबसे गर्म, कई जिलों में रेड अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

उत्तर प्रदेश,यशभारत। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिलों में आसमान से आग बरसी। 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जबकि इसे एशिया के सबसे गर्म जिलों में भी गिना जा रहा है। तेज गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। झांसी और आगरा में पारा 46.5°C, जबकि प्रयागराज में 45.8°C रिकॉर्ड किया गया। उरई समेत कई अन्य जिलों में भी तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया।

11 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया और ललितपुर में प्रचंड गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।

कई जिलों में गर्म रहेंगी रातें

शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में भीषण लू और तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त बेड, जरूरी दवाइयों और जीवनरक्षक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की अपील:

दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button