ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में कल बंद रहेगा दवा बाजार, भोपाल में 3 हजार मेडिकल स्टोर्स पर ताला

ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में कल बंद रहेगा दवा बाजार, भोपाल में 3 हजार मेडिकल स्टोर्स पर ताला
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश में 20 मई को दवा बाजार बंद रहेगा। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एआईओसीडी के आह्वान पर प्रदेशभर के दवा विक्रेताओं ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल का फैसला लिया है। राजधानी भोपाल में करीब तीन हजार से अधिक रिटेल और थोक मेडिकल स्टोर्स बंद रहेंगे। इस बंद का असर प्रदेश के अन्य शहरों में भी देखने को मिल सकता है। भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी के जरिए बिना पर्याप्त निगरानी के दवाओं की बिक्री हो रही है जिससे नकली, एक्सपायरी और गलत दवाओं के वितरण का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि ई-फार्मेसी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं जिससे छोटे दवा व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और दवा वितरण व्यवस्था में असंतुलन पैदा हो रहा है। केमिस्ट एसोसिएशन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी नियमित उपयोग की दवाएं 19 मई तक ही खरीद लें। विशेष रूप से हृदय रोग, मधुमेह और रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आवश्यक दवाओं का अग्रिम स्टॉक रखने की सलाह दी गई है ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि मरीजों की सुविधा को देखते हुए शासकीय और निजी अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर्स को बंद से मुक्त रखा गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन का उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं बल्कि सरकार का ध्यान ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित करना है। दवा व्यापारियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण ई फार्मेसी कंपनियों के भारी डिस्काउंट पर रोक नकली दवाओं की सप्लाई पर कार्रवाई और दवा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता शामिल है। वहीं संभावित बंद को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।







