खुले नाले और चैंबर दे रहे हादसों को न्योता, राहगीरों की जान खतरे में
निर्माण कार्यों में लापरवाही से लोगों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था नदारद

पनागर, यशभारत।पनागर नगर में इन दिनों नाला, चैंबर एवं सड़क निर्माण कार्य जारी हैं, लेकिन निर्माण कार्यों में बरती जा रही भारी लापरवाही अब आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। नगर के कई प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और कॉलोनियों के आसपास गहरे गड्ढे, खुले चैंबर और नालों से बाहर निकली लोहे की रॉड बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले छोड़ दी गई हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर सड़क की ऊंचाई बढ़ा दी गई है, लेकिन सड़क के दोनों ओर मिट्टी या समतलीकरण का कार्य नहीं किया गया। इसके कारण आसपास की कॉलोनियों और गलियों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह रास्ते उबड़-खाबड़ और असमतल हो गए हैं, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
खुले चैंबर और बाहर निकली लोहे की रॉड बन रहीं खतरा
रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। अधिकांश निर्माण स्थलों पर न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की कोई व्यवस्था दिखाई देती है। अंधेरे में खुले गड्ढे और चैंबर राहगीरों के लिए खतरे का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और व्यस्त मार्गों पर खुदाई के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
वहीं कई स्थानों पर टूटे हुए नालों और खुले चैंबरों से लोहे की रॉड बाहर निकली हुई हैं, जो किसी गंभीर दुर्घटना को न्योता दे रही हैं। सड़क किनारे फैली मिट्टी, गिट्टी और निर्माण सामग्री के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
नागरिकों ने उठाई सुरक्षा इंतजाम की मांग
नगरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण स्थलों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, खुले चैंबरों को ढंका जाए, बाहर निकली लोहे की रॉड हटाई जाए तथा अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की होगी।







