भोपालमध्य प्रदेश

भीषण गर्मी में यात्रियों का सहारा बना भोपाल मंडल, 14 स्टेशनों पर शुरू की निःशुल्क जलसेवा

भीषण गर्मी में यात्रियों का सहारा बना भोपाल मंडल, 14 स्टेशनों पर शुरू की निःशुल्क जलसेवा

भोपाल, यशभारत। भीषण गर्मी के इस मौसम में रेल यात्रियों के सफर को सुगम और आरामदायक बनाने के लिए भोपाल मंडल द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक  पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया के नेतृत्व में मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पर्याप्त और ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने इस पुनीत कार्य के लिए विभिन्न सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) से हाथ मिलाया है। इसके तहत भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, संत हिरदाराम नगर, अशोकनगर, गंज बासोदा, खिरकिया, मंडी बामोरा, रूठियाई, हरदा, गुना, बदरवास, मूंगावली एवं शाजापुर स्टेशनों पर निःशुल्क जलसेवा शुरू की गई है। इन स्टेशनों पर स्वयंसेवक पूरी निष्ठा और सेवाभाव से यात्रियों को ठंडा पानी पिला रहे हैं। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि यात्रियों को शुद्ध पेयजल मिल सके।
सामान्य कोच के यात्रियों को बड़ी राहत
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार संकल्पित है। गर्मी के इस मौसम में यह प्रयास यात्रियों को बड़ी राहत दे रहा है। विशेषकर सामान्य कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था बेहद मददगार साबित हो रही है, क्योंकि ट्रेन रुकते ही उनके पास तक ठंडा पानी पहुंच रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button