नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या : दो साल पहले हुई थी शादी…जांच जारी

रीवा। जिले के तराई अंचल में नवविवाहिता की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। तनाव की स्थिति देख आसपास के थानों की पुलिस भी बुला ली गई। काफी समझाइश के बाद मामला शांत हो पाया। जनेह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरहा में चांदनी सिंह पति दीपक 24 वर्ष का शव फांसी पर झूलते मिलने पर त्योंथर अस्पताल में चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि मृतका का मायका सूती गांव में है। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। एक बेटी है। मृतका के पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो तनाव बढ़ गया। मायके पक्ष ने मासूम बेटी के नाम जमीन करने और मृतका के जो आभूषण है, उसे वापस करने की मांग की। आक्रोश को देखते हुए जनेह के साथ ही सोहागी और चाकघाट की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मायके पक्ष के लोगों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मृतका का अंतिम संस्कार हुआ।







