NEET UG 2026: छात्रों का इंतजार खत्म, री-एग्जाम डेट का ऐलान
3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी

नई दिल्ली,एजेंसी। मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। National Testing Agency (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा की नई तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद से छात्र नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे थे। अब NTA ने परीक्षा की नई तारीख जारी करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने की सलाह दी है।
पूरे देश में एक साथ होगी परीक्षा
NTA द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा देशभर में एक ही दिन और एक ही समय पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा रविवार को होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी का कहना है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहने की अपील
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी सही जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक चैनलों पर ही उपलब्ध होगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि किसी भी अनऑफिशियल लिंक, वायरल मैसेज या फर्जी नोटिस पर भरोसा न करें।
हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी
अगर किसी छात्र को एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र या अन्य जानकारी से जुड़ी समस्या आती है तो वे सीधे NTA से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी जारी किए गए हैं।
ईमेल: neet-ug@nta.ac.in
हेल्पलाइन नंबर: 011-40759000
वैकल्पिक नंबर: 011-69227700
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
विशेषज्ञों के अनुसार छात्रों के पास अब लगभग एक महीने का समय है। ऐसे में उन्हें नई पढ़ाई शुरू करने के बजाय रिवीजन, मॉक टेस्ट और टाइम मैनेजमेंट पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। परीक्षा केंद्रों की जानकारी और एडमिट कार्ड से जुड़ी अपडेट छात्रों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी।







