Delhiजबलपुरदेशमध्य प्रदेश

सरकारी काफिला छोड़ साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे जस्टिस बंसल,

सादगी और पर्यावरण संदेश की शहर में चर्चा

जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डी.डी. बंसल ने अपनी सादगी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है। जस्टिस बंसल सरकारी वाहन छोड़ साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उन्हें साइकिल से अदालत पहुंचते देख राहगीर और हाईकोर्ट परिसर में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आमतौर पर न्यायाधीशों के साथ सुरक्षा और वाहनों का काफिला जुड़ा रहता है, लेकिन जस्टिस बंसल ने सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाते हुए अलग संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार जस्टिस बंसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित हैं। ‘मिशन लाइफ’ के तहत पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के संदेश को उन्होंने व्यवहार में उतारते हुए साइकिल से कोर्ट पहुंचकर लोगों को प्रदूषण कम करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
जस्टिस बंसल की साइकिल यात्रा की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि उच्च पदों पर बैठे लोग इस तरह की पहल करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनकी यह पहल छोटी दूरी के लिए अनावश्यक वाहन उपयोग करने वालों के लिए भी एक बड़ा संदेश मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button