मध्य प्रदेशराज्य

अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप पलटी : एक की मौत, चार घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपदोंन ग्राम के समीप रविवार सुबह लगभग 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डम्फर वाहन ने एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक डम्फर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग अतरिया ग्राम से घंसौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रूपदोंन गांव के पास सामने से आए डम्फर वाहन ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के एमएमटी मनीष रैकवार और चालक संदीप मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों का उपचार जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही डम्फर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

 

मृतक का नाम संतोष काकोडिया उम्र 20 वर्ष

घायलों के नाम राहुल उइके उम्र 26 वर्ष, सतेंद्र आर्मो उम्र 21 वर्ष, हिमेश आर्मो उम्र 23 वर्ष,शैलेन्द्र है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button