सांप के काटने से सपेरे की मौत, घर में मचा कोहराम
असंद्रा थाना क्षेत्र के पश्चिम बेलवा गांव की घटना

सिद्धौर/बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र के पश्चिम बेलवा गांव में शनिवार को सांप के काटने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पश्चिम बेलवा गांव निवासी राम नेवल पुत्र भागीरथ (49) अपनी पत्नी के साथ सांप पकड़ने का काम करते थे। शनिवार सुबह वह एक सांप पकड़कर घर लाए थे और उसे बोरी में बंद कर रखा था। उस समय घर पर राम नेवल और उनका पुत्र आनंद मौजूद थे।
आनंद ने बताया कि जब उसके पिता बोरी खोलकर सांप को बाहर निकाल रहे थे, तभी सांप ने अचानक हमला कर दिया और उनके पैर में दो जगह काट लिया। घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. हसीब ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिव सागर तिवारी, मनोज वर्मा सहित पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतक के पुत्र आनंद ने बताया कि उसकी मां पंजाब गई थी बड़ा भाई पंजाब में रह कर नौकरी करते हैं तथा मां इन दिनों वहीं गई हुई थीं। घटना के समय घर पर केवल वह और उसके पिता मौजूद थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।





