मध्य प्रदेशराज्य

विद्युत  लाइन में विस्फोट, तार टूटकर लटका, क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा नगर में गुरुवार रात्रि शंकर मढ़िया क्षेत्र में विद्युत खंभों पर लगे तारों में अचानक आग लगने से हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। घटना पुराना थाना के सामने मेन रोड स्थित मुख्य विद्युत लाइन में हुई, जहां अचानक तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते एक तार पूरी तरह लाल होकर जलने लगा। कुछ ही देर में तार टूटकर नीचे लटक गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात्रि के समय हुई, जब क्षेत्र में सामान्य रूप से आवाजाही जारी थी। अचानक विद्युत तारों से तेज आवाज आने लगी और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को दूर हटाया और विद्युत विभाग को सूचना दी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत प्रवाह बंद नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। तार टूटकर नीचे लटकने के कारण करंट फैलने का खतरा भी बना हुआ था।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम सक्रिय हुई और तत्काल संबंधित क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य प्रारंभ किया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त तार को बदलकर विद्युत व्यवस्था पुनः सुचारू कर दी गई।

प्राथमिक रूप से माना जा रहा है कि विद्युत भार बढ़ने या किसी तकनीकी खराबी के कारण तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। हालांकि विभागीय अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि पुराने एवं जर्जर तारों की जांच कर समय रहते उनका रखरखाव किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button