मोबाइल चोरी कर सिम से यूपीआई जनरेट कर खाते से उड़ाए रूपए, कोतवाली पुलिस ने झारखण्ड के अंर्तराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, भीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे मोबाइल चोरी, गिरोह में महिलाएं व बच्चे भी शामिल

कटनी, यशभारत। ठगों द्वारा आम लोगों से धोखाधड़ी करने के नित नये-नये तरीके निकाले जा रहे है। इसी तरह का एक मामला कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत सामने में आया है, जिसमें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पहले तो एक व्यक्ति का मोबाईल चोरी किया गया और उसके बाद मोबाईल में लगी सिम से यूपीआई एक्टिवेट करके उसके खाते से 1 लाख 4 हजार 900 रूपए की ऑनलाईन धोखाधड़ी की गई। मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच की और ठगी के आरोपी झारखण्ड के अंर्तराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया।
चाका निवासी सुरेन्द्र कुमार परौहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मार्च को 12 बजे सब्जी मण्डी में अज्ञात चोर ने उसके जेब से मोबाईल चोरी कर लिया। जिसकी शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने जब अपनी दूसरी सिम निकलवाई तो पता चला कि उसके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 1 लाख 4 हजार 900 रूपए किसी अज्ञात व्यक्ति ने पार कर दिए। रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने बैंक खाते के ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी एकत्रित की। जिससे पता चला कि यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से खाते से रूपए ट्रांसफर किए गए। सायबर सेल से संबंधित खाताधारकों के बारे में जानकारी एकत्रित की गई जो संदेहियों के खाते अलग-अलग स्थानों में संचालित होना पाए गए।
एसपी ने लिया मामले में संज्ञान
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने मामले को में संज्ञान में लेकर कोतवाली टीआई राखी पाण्डेय को मामले का पर्दाफाश करने के लिए निर्देशित किया। खिरहनी चौकी प्रभारी एसआई किशोर कुमार द्विवेदी को स्टाफ के साथ आरोपियों की तलाश के लिए रवाना किया गया। टीम ने सायबर सेल की मदद व तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करते हुए कटनी के अलावा अन्य शहरों में दबिश दी। काफी खोजबीन के बाद मुखबिरों से जानकारी मिली कि सब्जी मण्डी में महिलाओं एवं बच्चों का गिरोह मोबाईल चोरी को अंजाम दे रहा है और फिर मोबाईल में लगी सिम से यूपीआई जनरेट कर खाते से पैसा ट्रांसफर करते है। जिस पर सब्जी मंडी व रेल्वे स्टेशन के आसपास आरोपियों की तलाश की गई। इसी दौरान रेल्वे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 5 के पास से 3 आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
इस तरह हुआ मामले का खुलासा
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि आरोपियां ने मोबाईल चोरी कर उसके मोबाईल में लगी सिम को दूसरे मोबाईल में लगाकर यूपीआई एक्टिवेट कर खाते से पैसा ऑनलाईन ट्रांसफर किया। संदेहियों द्वारा कटनी के अलावा सतना, मैहर, सागर, जबलपुर में भी इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम देना बताया। आरोपी शहर के भीड़भाड़ वाले स्थानों को अपने काम के लिए चिन्हित करते थे, ताकि आसानी से मोबाईल चोरी करने की घटना को अंजाम दे सके। आरोपी घटना को अंजाम देने के पश्चात पकड़े जाने से बचने के लिए आसपास के अलग-अलग शहरों में चले जाते थे और कुछ दिन बाद पुन: आकर घटना को अंजाम देने की फिराक में लग जाते थे।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में सागर कुमार यादव पिता हरिशंकर यादव निवासी कटहरी कल्याणचक थाना राजमहल जिला साहिबगंज झारखण्ड, अनीता देवी पति हरिशंकर यादव निवासी कटहरी कल्याणचक थाना राजमहल जिला साहिबगंज झारखण्ड, विधि उल्लंघनकरी बालक उम्र 11 वर्ष निवासी गंगटिया थाना राजमहल जिला साहिबगंज झारखण्ड की गिरफ्तारी की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमति नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, एसआई किशोर कुमार द्विवेदी, एएसआई रामेश्वर प्रसाद पटेल, आरक्षक प्रवीण सिंह, विवेक मिश्रा एवं सायबर सेल से आरक्षक सतेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।







