स्किन क्लीनिक संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता पर रेप का केस दर्ज

स्किन क्लीनिक संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता पर रेप का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी में एक नामी स्किन क्लीनिक के संचालक के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का संगीन मामला दर्ज किया गया है। पॉइजन एंटी एजिंग स्किन क्लीनिक के संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता पर जयपुर की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद से ही आरोपी डॉक्टर फरार है।
शादी का झांसा देकर किया शोषण
पीड़िता के अनुसार, वह अपनी त्वचा संबंधी समस्या का इलाज कराने जयपुर से भोपाल आई थी। इसी दौरान डॉ. अभिनीत गुप्ता से उसकी पहचान हुई। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और भोपाल समेत चेन्नई के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे गर्भपात की दवाएं भी दीं, जिससे एयरपोर्ट पर उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी।
निजी वीडियो भेजकर किया ब्लैकमेल
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसके निजी वीडियो बना लिए थे। विरोध करने पर आरोपी ने वे वीडियो पीड़िता के भाई को भेज दिए और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर ब्लैकमेल करने लगा। जिसको लेकर पीड़िता महिला थाने में शिकायत अवेदन दिया था।
पहले भी रहे हैं विवादों में
डॉ. अभिनीत गुप्ता का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2019 में मुंबई की एक मॉडल ने भी उन पर रेप के आरोप लगाए थे। इसके अलावा, मरीजों से ठगी के एक मामले में भोपाल कंज्यूमर कोर्ट द्वारा उन्हें सजा भी सुनाई जा चुकी है।
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
महिला थाना प्रभारी अंजना दुबे का कहना है कि पीड़िता ने शिकायत अवेदन दिया था। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने डॉ. अभिनीत गुप्ता पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर की भनक लगते ही डॉक्टर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और वह अंडरग्राउंड हो गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।







