भोपालमध्य प्रदेश

विक्रमोत्सव 2026 को दो राष्ट्रीय अवॉर्ड, मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मिली नई ऊंचाई

विक्रमोत्सव 2026 को दो राष्ट्रीय अवॉर्ड, मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मिली नई ऊंचाई

भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 को इस वर्ष दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। नई दिल्ली में 1 और 2 मई को आयोजित शोज ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव 2026 में विक्रमोत्सव को कल्चरल लाइव इवेंट ऑफ द ईयर श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड तथा बेस्ट गवर्नमेंट इंटीग्रेशन फॉर लाइव इवेंट श्रेणी में सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। बताया गया है कि वाऊ टीम जल्द ही भोपाल आकर यह सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपेगी। संस्कृति विभाग के अनुसार विक्रमोत्सव दुनिया का सबसे लंबे समय तक चलने वाला सांस्कृतिक आयोजन माना जाता है जिसमें सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ व्यापारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भी समावेश किया जाता है। यह सम्मान इवेंट एफऐक्यूं मीडिया द्वारा आयोजित लाइव अवार्ड के अंतर्गत प्रदान किया गया। इस आयोजन में देशभर से 300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं जिनका मूल्यांकन विशेषज्ञ जूरी द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने इसे मध्यप्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि और परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत से विकास के मंत्र को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है। विक्रमोत्सव अब परंपरा, संस्कृति और नवाचार का जीवंत उत्सव बन चुका है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी विक्रमोत्सव को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2025 में इसे ई मैक्स ग्लोबल अवॉर्ड द्वारा लॉन्गस्टैंडिंग आईपी ऑफ द ईयर सम्मान मिला था जबकि वाव अवार्ड एशिया 2025 में एशिया के श्रेष्ठ शासकीय समारोह की श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त हुआ। वर्ष 2024 में विक्रमोत्सव को एशिया का बिगेस्ट रिलीजियस अवॉर्ड भी दिया गया था। विक्रमोत्सव 2026 ने डिजिटल आउटरीच और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में भी नया रिकॉर्ड बनाया। 7 फरवरी से 24 मार्च 2026 के बीच आयोजन से जुड़ी गतिविधियों ने 17.72 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई। सोशल मीडिया और लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए 47.85 लाख लोगों तक सीधी पहुंच बनी जबकि विभिन्न हैशटैग और यूजर जनरेटेड कंटेंट के माध्यम से 17.24 करोड़ से अधिक डिजिटल रीच दर्ज की गई। 139 दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत महाशिवरात्रि पर्व से हुई थी। आयोजन के प्रथम चरण में सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम द्वारा शिवोऽहम प्रस्तुति दी गई। वहीं दूसरे चरण में 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आयोजन में 41 से अधिक बहुआयामी कार्यक्रमों में चार हजार से अधिक कलाकारों ने सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button