जबलपुर लॉजिस्टिक पार्क में भीषण आग, सुबह तक धधकती रही आग,करोड़ों का नुकसान
आग बुझाने के लिए 25 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के कटंगी बायपास स्थित एक बड़े लॉजिस्टिक पार्क में सोमवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए तीन बड़े गोदामों को अपनी चपेट में ले गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रभावित गोदाम Reliance Industries और Britannia Industries जैसी बड़ी कंपनियों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिससे नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में पहुंचने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर चार थानों का पुलिस बल तैनात कर इलाके को सुरक्षित किया गया। आग बुझाने के लिए 25 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया, जबकि पानी की भारी जरूरत को देखते हुए 100 से ज्यादा टैंकरों से आपूर्ति की गई। दमकलकर्मी घंटों से आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए महापौर और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। आसपास के क्षेत्रों को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बनाया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग लगने की जताई जा रही है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।







